जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के कीर्तन विहार कॉलोनी में बुधवार को स्थानीय लोगों ने एक युवक को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. फिलहाल पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

बताया जा रहा है कि इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश था. दो दिन पहले भी इसी कॉलोनी में चोरी की घटना हुई थी, जिसमें आरोपी युवक की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी.
बुधवार को वही युवक एक बार फिर कॉलोनी में संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया. इस दौरान जब वह एक घर में घुसने का प्रयास कर रहा था, तभी स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया.
लोगों ने पहले उसकी पिटाई की और फिर मानगो थाना पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया. पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर युवक आदतन नशेड़ी प्रतीत हो रहा है. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है.

