जमशेदपुर/ Afroz Mallik मानगो थाना अंतर्गत एनएच-33 पर स्मार्ट बाजार के सामने स्थित राम लक्ष्मण हनुमान मंदिर में बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया. चोर मंदिर से पूजा के लिए इस्तेमाल होने वाला ध्वनि यंत्र का पूरा सेट और करीब 6000 रुपये नकद लेकर फरार हो गए.

मंदिर कमेटी के मुख्य प्रबंधक दयाकांत तिवारी ने बताया कि रात 10 बजे मंदिर बंद कर सभी लोग घर चले गए थे. सुबह जब मुख्य पुजारी सूर्यकांत पांडे ने पट खोला तो अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गए. मंदिर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी. चोर ध्वनि यंत्र समेत नकदी ले जा चुके थे.
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि मानगो नशे का अड्डा बनता जा रहा है. यहां डेली लॉटरी और नशे का सामान खुलेआम बिकता है. हालात ऐसे हैं कि अब भगवान भी सुरक्षित नहीं.
विकास सिंह ने पुलिस से मांग की कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके. उन्होंने कहा कि मानगो में पेट्रोलिंग व्यवस्था नाम मात्र की रह गई है, जिससे चोर बेखौफ हैं.
मौके पर सूर्यकांत पांडे, दयाकांत तिवारी, शेखर शर्मा, अमित वर्मा, संदीप शर्मा और अजय साव सहित कई लोग मौजूद थे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

