जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुद्वारा रोड निवासी उमाकांत सिंह के घर के किरायेदार अखिलेश्वर दुबे के घर में शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे तीन युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. तीनों युवक प्लंबर बनकर घर में घुसे थे.

बताया जाता है कि अखिलेश्वर दुबे एक दिन पहले ही सासाराम गए थे. इसी का फायदा उठाकर आरोपी घर के तीन से चार कमरों का ताला तोड़कर कीमती सामान लेकर भागने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने पीछा कर तीनों को धर दबोचा.
पकड़े गए युवकों की पहचान ऋषभ, पवन मिश्रा और एक अन्य युवक के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों ने पहले उनकी पिटाई की और बाद में मानगो थाना पुलिस को सौंप दिया. पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया है और आरोपियों को साथ लेकर अन्य सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है.
दिनदहाड़े चोरी की इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इस संबंध में आधिकारिक बयान देने से बचती नजर आई.

