जमशेदपुर: शनिवार को सीतारामडेरा थाना अंतर्गत बस स्टैंड गोलचक्कर के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मारे गए व्यक्ति की पहचान मानगो डिमना रोड विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी लाला विश्वकर्मा के रूप में हुई है. इस घटना में उनकी पत्नी नीलम शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है.

गौरतलब है कि शनिवार को तेज रफ्तार चेचिस वाहन ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी थी. टक्कर के बाद चेचिस वाहन बाइक और दंपति को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे मौके पर ही लाला विश्वकर्मा की मौत हो गई.
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा- तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के समय मौके पर पुलिस मौजूद थी, इसके बावजूद इस तरह की दुर्घटना होना पुलिस प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है.
हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए गए. सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा- बुझाकर यातायात को सामान्य कराया. पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.
इस हादसे ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि मृतक एलआईसी एजेंट थे और उनके दो बच्चे हैं.

