जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में भूमि- विवाद संबंधी मामलों के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के लिए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर हर गुरुवार को “अंचल-सह-थाना दिवस” का आयोजन किया जा रहा है. किसी एक थाना परिसर में आयोजित इस विशेष शिविर में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिक अपनी जमीन से जुड़ी समस्याओं का समाधान पा रहे हैं.

गुरुवार क़ो आयोजित अंचल- सह- थाना दिवस के दौरान जिले के विभिन्न अंचलों से भूमि विवाद, सीमांकन, अतिक्रमण और अन्य जमीन संबंधी शिकायतों से जुड़े कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 9 मामलों का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया. प्रशासनिक टीमों ने दस्तावेजों की जांच, पक्षकारों की सुनवाई और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर त्वरित निर्णय लिया.
वहीं शेष 06 आवेदन प्रक्रियाधीन रखे गए हैं. इन मामलों में तथ्यात्मक जांच, स्थल निरीक्षण, अभिलेख सत्यापन तथा संबंधित पक्षकारों की विस्तृत सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि किसी भी भूमि विवाद मामले के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो. सभी अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी प्रत्येक गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि त्वरित जांच, अपडेटेड रिकॉर्ड और पारदर्शी सुनवाई सुनिश्चित की जा सके.
जिला प्रशासन ने कहा कि ‘अंचल-सह-थाना दिवस’ का उद्देश्य जमीनी विवादों को स्थानीय स्तर पर ही सुलझाना है, जिससे नागरिक अनावश्यक परेशानियों से बच सकें और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़े. प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे गुरुवार को आयोजित होने वाले इस शिविर में पहुँचे और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
