जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती में गुरुवार को पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. मामूली कहासुनी के बाद चाचा ने अपने ही भतीजे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय ऋषि तिवारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि किसी घरेलू विवाद को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई थी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर चाचा ने भतीजे पर चाकू से हमला कर दिया.
हमले में ऋषि तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में उनका इलाज चल रहा है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लग गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है. स्थानीय लोगों के अनुसार मामूली पारिवारिक विवाद के कारण हुई इस घटना ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

