जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना अंतर्गत गोपाल मैदान क्षेत्र में बुधवार देर शाम टुसू मेला के दौरान चाकूबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. इस घटना में सोनारी के रुपनगर निवासी प्रेम और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक किसी काम से गोपाल मैदान क्षेत्र में मौजूद थे. इसी दौरान कदमा के रुपनगर इलाके के कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
हमले में प्रेम के पेट और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि संदीप के सीने और पीठ पर चाकू से वार किया गया. दोनों युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए प्रेम को टीएमएच पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. वहीं, गंभीर रूप से घायल संदीप को आनन- फानन में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
घटना के बाद मेला क्षेत्र में अफरा- तफरी मच गई. दुकानदारों और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और प्रारंभिक बयान दर्ज किए.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. फिलहाल दोनों घायलों की हालत पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.

