जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को घाटशिला और मुसाबनी प्रखंड का दौरा कर स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया. उन्होंने विशेष रूप से काष्ठ शिल्प (वुड कार्विंग) कार्य से जुड़ी दीदीयों के अनुभव और चुनौतियों को जाना तथा बेहतर प्रशिक्षण, डिज़ाइन अपग्रेडेशन, मार्केट लिंकेज और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिया.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाटशिला में पीपल ट्री संस्था द्वारा संचालित काष्ठ शिल्पकला सेंटर और मुसाबनी प्रखंड के तेरेंगा गांव में मां गायत्री महिला समिति द्वारा संचालित काष्ठ शिल्पकला केंद्र का दौरा किया. उन्होंने महिलाओं के कार्य की गुणवत्ता की सराहना की और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने की दिशा में सहयोग का आश्वासन दिया.

उपायुक्त ने तेरेंगा में जूट बैग निर्माण से जुड़ी महिला समिति और घाटशिला में रूर्बन मिशन अंतर्गत संचालित ‘सखी डोर’ सिलाई सेंटर का भी निरीक्षण किया. उन्होंने सिलाई- कढ़ाई सीख रही महिलाओं से बातचीत की और गुणवत्ता- आधारित प्रशिक्षण पर जोर दिया. उपायुक्त ने कहा कि इस तरह के कौशल केंद्र महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज में नई पहचान दे रहे हैं.

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं अपने हुनर से न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं बल्कि अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा भी बन रही हैं. इस तरह के प्रयास आत्मनिर्भर भारत और लखपति दीदी जैसे लक्ष्यों को साकार करने में योगदान दे रहे हैं. उपायुक्त ने महिलाओं को समूह आधारित कार्यों को व्यवसायिक अवसरों में बदलने की प्रेरणा दी और जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया.
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने कहा कि प्रशासन की मदद और प्रशिक्षण से उन्हें नया आत्मविश्वास मिला है और वे अब घर की चारदीवारी से निकलकर अपनी प्रतिभा को स्वरोजगार में बदल रही हैं. इस कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला श्री सुनील चंद्र, बीडीओ घाटशिला श्रीमती यूनिका शर्मा, बीडीओ मुसाबनी सुश्री अदिति गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
