जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र स्थित बीचएरिया रोड नंबर 5 में शुक्रवार दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है. चोरों ने एक क्वार्टर को निशाना बनाते हुए 10 से 15 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नगद रुपए पर हाथ साफ कर दिया.

बताया जा रहा है कि दोपहर के समय घर के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाकर घर के चारों दरवाजों के ताले तोड़ दिए. इसके बाद दो अलमारियों के लॉकर को तोड़कर उसमें रखे कीमती गहने और नकदी चोरी कर ली.
जानकारी के अनुसार, हाल ही में घर में शादी हुई थी और शादी के लिए खरीदे गए सभी गहने अलमारी में रखे हुए थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए. शाम को जब परिवार के लोग घर लौटे, तो सभी ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए.
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों का सुराग लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है.
इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है.

