जमशेदपुर/ Afroz Mallik कदमा थाना पुलिस ने क्षेत्र के रामजनम नगर मेरिन ड्राइव से दो युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. दोनों किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे. यह कार्रवाई शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे की गई.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामजनम नगर मेरिन ड्राइव के पास दो युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही SSP के निर्देश पर हेडक्वार्टर डीएसपी- 2 के नेतृत्व में टीम गठित की गई. टीम ने छठ घाट के पास दोनों युवकों को दौड़ाकर पकड़ा. गिरफ्तार युवकों की पहचान राजेश महानंद उर्फ पोतू (29 वर्ष) और प्रशांत कापरी उर्फ बिट्टू कापरी (35 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने उनके पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, जिसमें चार जिंदा गोली लोडेड थे, तथा एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद किया है. इसकी जानकारी शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर एसएसपी पीयूष पांडे ने दी. उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ में राजेश महानंद ने बताया कि वह अपने दोस्त प्रशांत कापरी को हथियार देने के लिए घटनास्थल पर पहुंचा था. दोनों अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं. उनके खिलाफ हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं. दोनों के खिलाफ कदमा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. साथ ही दोनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. आगे की जांच जारी है.

