जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र के नया बाजार रामटेकरी रोड स्थित फिरंगी चौक में बीती रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए. चोरों ने एक शादी वाले घर को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये के सोने- चांदी के गहने और नकद पर हाथ साफ कर दिया.

इस मामले में जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. नया बाजार निवासी अमृतपाल सिंह सग्गु ने बताया कि उनके घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था, जिस कारण बड़ी संख्या में मेहमान आए हुए थे. इसी बीच 21 जनवरी की सुबह करीब 2 बजे अज्ञात चोर घर में घुसा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. चोरी गए सामान में सोने का 60 ग्राम के दो कड़े, 30 ग्राम की दो सोने की अंगूठियां, 20 ग्राम की सोने की चेन, 5 ग्राम का सोने का लॉकेट, 40 ग्राम की चार जोड़ी सोने की कान की बाली, 150 ग्राम की 12 चांदी की चूड़ियां, 10 हजार रुपये कीमत की दो घड़ियां और 30 हजार रुपये नकद शामिल हैं.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी हुई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है.

