जमशेदपुर/ Afroz Mallik जुगसलाई थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक पेड़ से लटका हुआ अज्ञात युवती का शव बरामद किया गया. यह घटना पंछी मोहल्ला स्थित पंछी बागान के पास की बताई जा रही है.


जानकारी के अनुसार नाले के पास स्थित एक पेड़ से युवती का शव लटका हुआ देखा गया. इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना जुगसलाई थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है. युवती ने जींस पैंट और शर्ट पहन रखी थी. फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है, जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

