जमशेदपुर/ Afroz Mallik जुगसलाई पुलिस को उस वक्त बड़ी सफलता हाथ लगी जब खरकाई नदी के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े दो युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया.

गिरफ्तार युवकों की पहचान बागबेड़ा निवासी अभिषेक सिंह और जुगसलाई निवासी गणेश रजक के रूप में हुई है. जांच में सामने आया कि अभिषेक सिंह का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह तीन माह पूर्व जुगसलाई क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना में जेल जा चुका है. पुलिस का मानना है कि दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे.
डीएसपी विधि व्यवस्था तौकीर आलम ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह जुगसलाई पुलिस की बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि किसी भी अप्रिय घटना से पहले ही अपराधियों को दबोच लिया गया. उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में परसुडीह निवासी विवेक जी की संलिप्तता भी सामने आई है. गिरफ्तार अभिषेक सिंह ने स्वीकार किया है कि हथियार की खरीदारी विवेक जी से की गई थी. पुलिस जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करेगी. विवेक जी का नाम परसुडीह थाना क्षेत्र में रवि यादव पर हुए जानलेवा हमले में भी सामने आ चुका है.

