जमशेदपुर/ Afroz Mallik जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित मिल्लत नगर में शुक्रवार की देर शाम उस वक्त अफरा- तफरी मच गई जब अचानक गोली चलने की आवाज गूंजी. इस घटना में स्थानीय युवक जाफर अली उर्फ़ मुर्गा राजू गंभीर रूप से घायल हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मुर्गा राजू अपने घर के पास खड़ा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. गोली लगने के बाद क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
आसपास के लोगों ने तुरंत घायल युवक को टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.
पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह घटना पुरानी रंजिश या आपसी विवाद से जुड़ी हो सकती है. हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा. फिलहाल पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है.
इस गोलीकांड के बाद मिल्लत नगर क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है. पुलिस ने लोगों से संयम बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है.

