जमशेदपुर: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष व डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो ने कहा कि भले ही ईस्ट इंडिया कंपनी भारत से चली गई, लेकिन उसका स्वरूप आज भी टाटा, बीसीसीएल, सेल जैसी कंपनियों के रूप में मौजूद है. वे रविवार को बिष्टुपुर माइकल जॉन सभागार में आयोजित मोर्चा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.

उन्होंने कहा कि ईस्ट इंडिया कंपनी के जरिए अंग्रेजों ने भारत में शासन किया और आज ये कंपनियां लोगों को बेबसी व लाचारी दे रही हैं. महतो ने कहा कि अब ‘हम दो, हमारे दो’ की जगह ‘हम दो, हमारे चार’ की नीति अपनानी होगी, जिसमें से दो बच्चे विद्रोही बनने चाहिए, ताकि हमारी जमीन व हक को बचाया जा सके. कार्यक्रम में पूर्व मुखिया मनीष कालुंडिया, समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अर्जुन मालवा समेत कई युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ली. विधायक महतो ने कार्यकर्ताओं को सत्ता पाने के लिए 40 विधायक बनाने का लक्ष्य दिया और कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से ही समस्याओं का समाधान संभव है.
अधिवक्ता मानिक महतो की पार्टी में घर वापसी भी हुई. कार्यक्रम में देवेंद्र नाथ महतो, दमयंती मुंडा, बेबी महतो, विजय कुमार सिंह, तरुण महतो समेत कई नेता मौजूद थे. बेबी महतो ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन पर ध्यान देने और 2029 में जयराम महतो को सत्ता सौंपने का लक्ष्य तय कर काम करने का आह्वान किया.

