जमशेदपुर: राज्य के शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के अंतिम संस्कार में शनिवार को शामिल होने पहुंचे राज्य के उद्योग, श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव सबसे ज्यादा भावुक नजर आए. उन्होंने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य ने एक बड़ा नेता खो दिया है. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले दिल्ली के अपोलो अस्पताल में जाकर उन्होंने इलाजरत मंत्री रामदास सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी, लेकिन उनके इस तरह अचानक चले जाने की कल्पना नहीं की थी.

श्री यादव ने कहा कि इन दिनों राज्य दुखों के पहाड़ से गुजर रहा है. एक ओर झारखंड निर्माता दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन और दूसरी ओर मंत्री रामदास सोरेन का इस तरह जाना, राज्य और देश दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है.

ज्ञात हो कि मंत्री संजय प्रसाद यादव की मां की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है और पटना के पारस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. इसके बावजूद श्री यादव ने नेमरा जाकर दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ढांढ़स बंधाया. इसके बाद जैसे ही शिक्षा मंत्री के निधन की सूचना मिली, वे तुरंत जमशेदपुर पहुंचे और अंतिम संस्कार में शामिल हुए.
इस अवसर पर राजद के प्रदेश महासचिव एवं पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी पुरेंद्र नारायण सिंह को स्वर्गीय रामदास सोरेन की स्मृति और सम्मान में श्रद्धांजलि सभाओं एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया. कार्यक्रम के दौरान पुरेंद्र नारायण सिंह ने भी स्वर्गीय शिक्षा मंत्री के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

