जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नागरिकों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने विद्यालय में नामांकन, विद्यालय शुल्क माफी, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ, और पेंशन स्वीकृति जैसी समस्याओं पर चर्चा की.

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए और नागरिकों को आश्वस्त किया कि सभी वाजिब मांगों पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी. उपायुक्त ने बताया कि जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से जिला प्रशासन का प्रयास होता है कि जनसमस्याओं का त्वरित संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. इसके लिए शिकायतों के निष्पादन एवं फॉलोअप हेतु जन सहायता कोषांग एवं ऑनलाइन पोर्टल बनाया गया है. उपायुक्त के निर्देशानुसार प्राप्त आवेदनों पर 10 दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने का प्रयास होता है. नागरिकों ने उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिसमें भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, और सार्वजनिक सड़क पर नाली का पानी बहाए जाने जैसी समस्याएं शामिल थीं. उपायुक्त ने संबंधित मामलों में यथाशीघ्र जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया.

