जमशेदपुर/ Afroz Mallik उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर बुधवार को समाहरणालय सभागार में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने की.

बैठक में शौचालय निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंड निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य की पूर्ति करें. सहायक अभियंताओं, कनीय अभियंताओं और प्रखंड समन्वयकों को प्रतिदिन कार्य प्रगति की समीक्षा कर फीडबैक देने को कहा गया. जिला समन्वयक को टूर प्लान तैयार कर प्रत्येक प्रखंड का भ्रमण करने और प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित समीक्षा बैठक करने का निर्देश दिया गया. ODF प्लस मॉडल गांवों का सात दिनों के भीतर भौतिक सत्यापन करने को कहा गया ताकि रिपोर्टिंग में पारदर्शिता बनी रहे. वहीं जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण योजनाओं को सात दिनों के भीतर ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों को हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके. बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर और आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला समन्वयक एवं प्रखंड समन्वयक उपस्थित थे.

