जमशेदपुर: झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 3 से 23 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी. जिले में कुल 39643 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे.

10वीं बोर्ड परीक्षा में जिले के 21301 परीक्षार्थी शामिल होंगे. वहीं इंटरमीडिएट में कला संकाय के 10183, विज्ञान के 4657 और वाणिज्य के 3502 परीक्षार्थी शामिल होंगे. इस प्रकार इंटर के कुल 18342 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे.
मैट्रिक परीक्षा के लिए घाटशिला अनुमंडल में 23 और धालभूम अनुमंडल में 44 केंद्र मिलाकर कुल 67 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए घाटशिला में 12 और धालभूम में 22 केंद्र मिलाकर कुल 34 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं.
माध्यमिक परीक्षा पहली पाली में सुबह 9.45 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक आयोजित होगी. इंटरमीडिएट परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी. परीक्षा अवधि के दौरान 3 से 23 फरवरी तक सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू रहेगी. परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा.
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर सिदगोड़ा टाउन हॉल में शनिवार को केंद्राधीक्षकों और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन को लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने कहा कि निष्पक्ष और स्वच्छ वातावरण में परीक्षा कराना सभी की जिम्मेदारी है. औचक निरीक्षण में कदाचार करते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
निदेशक एनईपी सह अपर उपायुक्त संतोष गर्ग ने प्रतिनियुक्त स्टैटिक और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट तथा पुलिस पदाधिकारियों को कदाचार मुक्त परीक्षा सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया.
एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्रा ने सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने और उनकी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, पर्याप्त रोशनी, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा. प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका समय पर केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था पूर्व में ही पूर्ण करने का निर्देश भी दिया गया.
बैठक में एडीएम एसओआर राहुल जी आनंद, कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार पांडेय सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सभी केंद्राधीक्षक उपस्थित थे.

