जमशेदपुर: पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड रांची एवं जिला प्रशासन (खेल शाखा), पूर्वी सिंहभूम के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को जिले में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया.

इस आयोजन का उद्देश्य विभागीय क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों को ओलंपिक के मूल मूल्यों- श्रेष्ठता, मित्रता एवं सम्मान से अवगत कराना तथा खेलों के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाना था.
आयोजित प्रतियोगिताएं
इस अवसर पर क्रॉस कंट्री रेस, हैंडबॉल, वॉलीबॉल एवं फुटबॉल मैच आयोजित किए गए. इन प्रतियोगिताओं में विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए. इस अवसर पर खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के तीन खिलाड़ियों एवं दो प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया. सम्मानित खिलाड़ियों में संजीव टुडू, प्रीत सोना और दिवांशु सिंह शामिल थे, जबकि सम्मानित प्रशिक्षकों में रोहित कुमार शर्मा और अनिल कुमार शामिल थे.
कार्यक्रम के दौरान अन्य गतिविधियां
कार्यक्रम के दौरान सेल्फी प्वाइंट एवं हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ओलंपिक मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया.

