जमशेदपुर: पोटका थाना क्षेत्र के हाता स्थित शाह स्पंज एंड पावर लिमिटेड कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी की काम के दौरान जल जाने से मौत हो गई है. मृतक की पहचान राजेंद्र कुमार उपाध्याय के रूप में की गई है. घटना के बाद परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है.

जानकारी के अनुसार 10 अक्टूबर को कंपनी परिसर में कार्य के दौरान राजेंद्र कुमार उपाध्याय 70 प्रतिशत से अधिक जल गए थे. हादसे के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन उपचार के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई.

परिजनों का कहना है कि यदि कंपनी प्रबंधन समय पर सहायता और सही इलाज की व्यवस्था करता, तो शायद राजेंद्र की जान बच सकती थी. उन्होंने कहा कि कंपनी के सुरक्षा मानकों में भारी कमी है और प्रशासन को इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.
पीड़ित परिवार ने कहा कि हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है. मृतक की पत्नी आशा उपाध्याय ने कहा कि “मेरे पति को हादसे के बाद कंपनी वालों ने समय पर मदद नहीं दी. अगर इलाज समय पर होता तो शायद वो बच जाते. अब हमारे परिवार का सहारा चला गया है. हमें न्याय और मुआवजा दोनों चाहिए.”
इसी बीच मृतक के जीजा रवि कांत पांडे ने भी कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि कंपनी में सुरक्षा व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है. हादसे के बाद कर्मचारियों को बेसिक सुरक्षा उपकरण तक उपलब्ध नहीं कराए गए.
वहीं, जोहार झारखंड श्रमिक महासंघ के महामंत्री राजीव पांडे ने कहा कि यह घटना कंपनी प्रबंधन की लापरवाही का नतीजा है. उन्होंने कहा कि “सुरक्षा मानकों की अनदेखी की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ है. प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए और मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिलाना चाहिए.”
फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं स्थानीय प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वह कंपनी के सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच कराएगा.

