जमशेदपुर/ Prerna Ojha स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में अंतिम परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण बुधवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से किया. पूर्वाभ्यास के दौरान ध्वजारोहण कार्यक्रम के उपरांत परेड में शामिल टुकड़ियों और अन्य तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई.


इस अवसर पर रूरल एसपी ऋषभ गर्ग, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे. अंतिम परेड पूर्वाभ्यास में जैप-6, जिला पुलिस बल (महिला एवं पुरुष), होमगार्ड, एनसीसी (ब्वॉयज एवं गर्ल्स), स्काउट एवं गाइड्स (ब्वॉयज एवं गर्ल्स) और सेंट मैरी स्कूल बैंड की टुकड़ियों ने भाग लिया. उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, एकता और बलिदान की भावना का प्रतीक है, और इसे पूरे सम्मान एवं गरिमा के साथ मनाना सभी का दायित्व है. उन्होंने मुख्य समारोह के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, मंच संचालन और तकनीकी व्यवस्थाओं को पूर्ण रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मुख्य दिवस पर सभी गतिविधियां समय पर और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें.

