जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बर्फ फैक्ट्री के समीप गैरेज लाइन इलाके में अवैध रूप से मटका, सट्टा और लॉटरी का कारोबार खुलेआम फल- फूल रहा है. इस गैरकानूनी धंधे पर नकेल कसने वाला कोई नजर नहीं आ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.

स्थानीय सूत्रों के अनुसार अवैध मटका और लॉटरी का खेल यहां लंबे समय से लगातार संचालित किया जा रहा है. रोजाना बड़ी संख्या में ऑटो चालक, दिहाड़ी मजदूर और गरीब तबके के लोग इसमें फंसते जा रहे हैं. कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के लालच में लोग अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई इस जुए में झोंक रहे हैं, जिसका सीधा असर उनके घर- परिवार पर पड़ रहा है.
बताया जा रहा है कि कई परिवारों के सामने रोजमर्रा का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है. आर्थिक तंगी के कारण घरों में तनाव और आपसी कलह की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है. इसके बावजूद अवैध मटका और लॉटरी के संचालक बेखौफ होकर अपना धंधा चला रहे हैं.
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस पूरे मामले से पुलिस और प्रशासन अवगत होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. इससे यह सवाल उठने लगा है कि आखिर इस अवैध कारोबार को किसका संरक्षण प्राप्त है.
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो यह सामाजिक बुराई और भी गंभीर रूप ले सकती है. लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि बिष्टुपुर के गैरेज लाइन क्षेत्र में चल रहे अवैध मटका, सट्टा और लॉटरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि गरीब और मेहनतकश लोगों को इस जुए की लत से बचाया जा सके और क्षेत्र में कानून- व्यवस्था बहाल हो सके.

