जमशेदपुर: जहां एक ओर पूरा शहर दीपावली की रोशनी और उत्सव की चमक में सराबोर है, वहीं दूसरी ओर परसुडीह सब्जी मार्केट के बीचों- बीच अवैध लॉटरी सट्टा का कारोबार खुलेआम फल- फूल रहा है. त्योहारों के बीच प्रशासन और पुलिस की चौकसी के बावजूद यह गोरखधंधा बिना किसी भय के तेजी से फैलता जा रहा है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, परसुडीह सब्जी बाजार में यह अवैध कारोबार पिछले कुछ महीनों से लगातार संचालित हो रहा है. दिनभर की भीड़भाड़ के बीच कई स्थानों पर सट्टा लॉटरी के टेबल लगाए जाते हैं, जहां लोग अपनी किस्मत आजमाने के नाम पर अपनी मेहनत की कमाई दांव पर लगा देते हैं.
नागरिकों ने बताया कि इस कारोबार का मुख्य शिकार ऑटो चालक, मजदूर और निम्न आय वर्ग के लोग बन रहे हैं. कई बार वे अपनी पूरी दिन की कमाई सट्टों में गंवा देते हैं, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति डगमगा जाती है. बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और रोजमर्रा की जरूरतें बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं. लोगों का कहना है कि दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर जहां प्रशासन सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठा रहा है, वहीं परसुडीह जैसे क्षेत्रों में ऐसे अवैध कारोबार का खुलेआम चलना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने जिला प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों से अवैध लॉटरी सट्टा के इस गोरखधंधे पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ समाज में अपराध को बढ़ावा देती हैं और गरीब परिवारों के भविष्य को बर्बाद कर रही हैं. प्रशासन से अपेक्षा है कि शीघ्र ही इस दिशा में ठोस कार्रवाई की जाएगी.
video

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
