जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के कारीगरों और शिल्पकारों की आजीविका संवर्धन एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने साकची स्थित विश्वकर्मा प्वाइंट परिसर में ‘जमशेदपुर हाट’ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, उप नगर आयुक्त (जेएनएसी) कृष्ण कुमार एवं धालभूम के एसडीएम चंद्रजीत सिंह उपस्थित रहे.

‘जमशेदपुर हाट’ जिले के शिल्पकारों के लिए साझा मंच बनेगा. इस मंच के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों के कारीगर, शिल्पकार एवं हस्तशिल्प से जुड़े समुदाय अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विपणन कर सकेंगे. इसमें बोडाम प्रखंड के अंधारझोर गांव के वाद्य यंत्र निर्माताओं के साथ-साथ जिले के अन्य कारीगरों के शिल्प एवं क्राफ्ट उत्पाद भी शामिल होंगे.
इस पहल से पारंपरिक कारीगरी और स्थानीय हस्तशिल्प को पहचान मिलेगी. युवाओं और महिलाओं को स्व-रोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जा सकेगा. उपायुक्त ने कहा कि ‘जमशेदपुर हाट’ स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों के लिए आजीविका संवर्धन का मजबूत माध्यम बनेगा. इससे उन्हें अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर बाजार की सुविधा उपलब्ध होगी.
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को प्रोत्साहन देकर आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं. उत्पादों के विपणन, प्रशिक्षण एवं आधुनिक तकनीक से कारीगरों को जोड़ने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे. जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इस पहल से जिले में स्वरोज़गार को बढ़ावा मिले और ग्रामीण इलाकों से जुड़ी प्रतिभाओं को नए अवसर प्राप्त हों.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
