जमशेदपुर: शुक्रवार को जमशेदपुर में अपराधियों का तांडव जारी रहा. पहले जुगसालाई उसके बाद गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुईलाडूंगरी में अपराधियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम देकर सनसनी फैला दी है. जिससे पुलिस की कार्यशैली कटघरे में है.

पहले जुगसालाई में अपराधियों ने जाफर अली उर्फ़ मुर्गा राजू को गोली मारकर घायल कर दिया उसके कुछ घंटे बाद ही अपराधी गोलमुरी थाना क्षेत्र में रवि खेड़ा के घर पर अपराधियों ने हवाई फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में रवि खेड़ा और उनके साथियों ने आरोपियों के निवास स्थान के पास फायरिंग कर दिया जिसमें सतपाल सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
स्थानीय लोगों की मदद से उसे टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने पूरे इलाके को घेर कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना पुराने विवाद और आपसी रंजिश से जुड़ी हो सकती है. महज कुछ घंटे के भीतर जुगसालाई और गोलमुरी में हुई फायरिंग की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है.

