जमशेदपुर: गोलमुरी थाना से सटे टिनप्लेट मैदान में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मॉर्निंग वॉक पर निकले कन्हैया यादव को अपराधियों ने गोली मार दी. हमलावरों ने बेहद नजदीक से फायरिंग की, जिसमें गोली कन्हैया यादव के सिर और पैर में लगी. गंभीर हालत में उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और एक संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद की है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.
मृतक कन्हैया यादव आमदा बस्ती के निवासी थे और पेशे से फल कारोबारी थे. उनकी अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस आपसी रंजिश, कारोबारी विवाद समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है. गोलमुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अपराधियों की तलाश तेज कर दी है.

