जमशेदपुर/ Afroz Mallik बागबेड़ा में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है. बागबेड़ा बड़ौदा घाट पुलिया के समीप नया बस्ती क्षेत्र जलमग्न हो गया है और लगभग डेढ़ सौ घर डूब गए हैं.

क्षेत्र के पूर्व जिला परिषद्री उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, पूर्व मुखिया बुधराम टोप्पो, उप मुखिया मुकेश सिंह, पंसस प्रतिनिधि धर्मेंद्र चौहान, पूर्व वार्ड सदस्य प्रकाश सिंह समेत अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और क्षेत्र का जायजा लिया.
स्थानीय लोगों की मदद से डूबे हुए घरों से परिजनों को सुरक्षित निकाला गया.
राजकुमार सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों की मदद से डूबे हुए घरों से परिजनों को सुरक्षित निकाला गया और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. राजकुमार सिंह ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि यह समय चिंता का नहीं साथ खड़े होने का है.
प्रखंड विकास पदाधिकारी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे.
बाढ़ की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश, अंचल पदाधिकारी मनोज कुमार, जुगसलाई सीएचसी के प्रभारी चिकित्सक डॉ. एमए अंसारी, ब्लॉक मैनेजर राखी श्रीवास्तव, एमपीडब्ल्यू बबलू मन्ना और मनीष राम मौके पर पहुंचे.
बाढ़ पीड़ितों के लिए किए गए प्रमुख इंतजाम.
नया बस्ती के लोगों के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सिद्धू- कान्हू मैदान स्थित लोहिया भवन, और डीबी रोड चौक स्थित शिशु विद्या मंदिर स्कूल में ठहरने की व्यवस्था की गई है. माइक सेट के माध्यम से लगातार अलर्ट जारी किया गया है और पानी घटने के बाद स्वास्थ्य शिविर और ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव की तैयारी भी कर ली गई है.

