पूर्वी सिंहभूम/ Prerna Ojha जिले में लगातार हो रही बारिश से स्वर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है. स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर आमतौर पर 121.50 मीटर को पार करने पर खतरे का स्तर माना जाता है. फिलहाल नदी का जलस्तर 121.64 मीटर दर्ज किया गया है. इसी तरह खरकई नदी का खतरे का स्तर 129 मीटर है, जबकि वर्तमान में इसका जलस्तर 130.15 मीटर हो गया है.
जिला प्रशासन ने नदी किनारे और डूब क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे नदी तट की ओर न जाएं और सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर शरण लें. जनहानि से बचाव के लिए टीमों को अलर्ट पर रखा गया है और लगातार जलस्तर की निगरानी की जा रही है.
लगातार बारिश और नदियों के उफान से तटीय इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने की संभावना जताई जा रही है. प्रशासन ने बाढ़ नियंत्रण की सभी तैयारियां तेज कर दी हैं.

