जमशेदपुर: करनडीह चौक से प्रसाद होटल खासमहल तक फैले अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए 23 सितंबर 2025 को बड़ा अभियान चलाया जाएगा. अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, जमशेदपुर ने इसकी घोषणा की है.

जानकारी के अनुसार 4 अगस्त 2025 को ही अनुमंडल पदाधिकारी ने आदेश जारी कर जमशेदपुर अंचल अधिकारी को करनडीह चौक से प्रसाद होटल खासमहल तक सभी अवैध अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था, लेकिन उसी दिन पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के कारण अभियान स्थगित कर दिया गया था.
अब 23 सितंबर को मजिस्ट्रेट नियुक्त कर और पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में अंचल अधिकारी को अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया गया है. प्रशासन ने सभी अवैध अतिक्रमणकारियों को 22 सितंबर तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का अंतिम मौका दिया है. ऐसा न करने पर 23 सितंबर को बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. यह कार्रवाई करनडीह चौक से होते हुए जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय, थाना, सदर अस्पताल एवं प्रसाद होटल खासमहल तक चलाई जाएगी.

