जमशेदपुर: सीताराम डेरा थाना अंतर्गत न्यू सीताराम डेरा क्वार्टर नंबर 61 में दो सगे भाई-बहनों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों के सहयोग से मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दोनों के शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

बताया जा रहा है कि शव दो से तीन दिन पुराने हैं. पड़ोसियों ने घर से दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद मामला उजागर हुआ. मृतकों की पहचान विवेकानंद सरकार और सरस्वती सरकार के रूप में हुई है. दोनों की उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है और दोनों अविवाहित थे.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व ही बहन को कैंसर होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद दोनों भाई-बहन मानसिक तनाव में थे. आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव में आकर दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया.
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.

