जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में हिंदी भाषा की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक महत्व को सम्मान देने के उद्देश्य से 14 सितंबर 2025 को हिंदी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने दीप प्रज्ज्वलन कर की और छात्रों को हिंदी भाषा की गरिमा व सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया.

काव्य पाठ और गायन प्रतियोगिता ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया. काव्य पाठ में छात्रों ने हिंदी साहित्य की सुंदरता और भावनात्मक गहराई को छंदों के माध्यम से व्यक्त किया. वहीं गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शास्त्रीय, देशभक्ति और समकालीन गीतों की प्रस्तुति दी.
काव्य पाठ प्रतियोगिता में सृष्टि (बीबीए एलएलबी) ने प्रथम, आलिया समर (डिप्लोमा फार्मेसी) ने द्वितीय और ग्रेसी कॉर सैनी (बीएससी फिजिक्स) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. गायन प्रतियोगिता में अमन मुखी (बीबीए एलएलबी) प्रथम, कृतिका कुमारी (बीएससी जूलॉजी) द्वितीय और रोहित राज शर्मा (बीबीए एलएलबी) तृतीय स्थान पर रहे.
सांस्कृतिक समिति की संयोजक प्रोफेसर दीपिका कुमारी ने कहा कि हिंदी दिवस केवल भाषा का उत्सव नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान के प्रति श्रद्धांजलि है. कार्यक्रम का समापन विजेताओं को प्रमाणपत्र व पुरस्कार वितरण तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.

