जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के विद्यालयों की शैक्षणिक और आधारभूत संरचना की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों पर विशेष रणनीति पर चर्चा की गई.

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शिक्षा विभाग का मुख्य फोकस एजुकेशनल आउटकम्स पर होना चाहिए और संसाधनों का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने शिक्षा पदाधिकारियों और शिक्षकों को 20 सितंबर तक साप्ताहिक सिलेबस कैलेंडर तैयार करने का निर्देश दिया. हर 15 दिन में टेस्ट आयोजित करने तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक शनिवार को रिमेडियल क्लास आयोजित करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना, यूनिफॉर्म एवं किताब वितरण, बैंक खाता खोलने की स्थिति, भवनहीन विद्यालय, शौचालय, बिजली और पेयजल सुविधा की उपलब्धता समेत शिक्षा विभागीय अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई. पाया गया कि जिले के 14859 बच्चों का बैंक खाता नहीं खुल पाया है. उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एलडीएम के साथ समन्वय स्थापित कर सभी बच्चों का बैंक खाता शीघ्र खुलवाया जाए.
उपायुक्त ने शिक्षा विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार हेतु अधिक से अधिक स्कूलों का पंजीकरण सुनिश्चित करें, सीएम स्कॉलरशिप और यूनिफॉर्म वितरण समय पर पूर्ण किया जाए तथा विद्यालयों में ऑनलाइन उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज की जाए. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता और योजनाओं का लाभ समय पर बच्चों तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए.
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
