जमशेदपुर: भारत सरकार के संयुक्त सचिव एवं आकांक्षी जिला के केंद्रीय प्रभारी महावीर प्रसाद ने अपने तीन दिवसीय जिला प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार क़ो विभिन्न परियोजनाओं और संस्थानों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए. मौके पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद, बीडीओ सह सीओ मुसाबनी पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.

मॉडल वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण
साकची स्थित जेल चौक के मॉडल वैक्सीनेशन सेंटर में संयुक्त सचिव ने कार्यप्रणाली, उपयोगिता, सेवाओं की गुणवत्ता और फुटफॉल की जानकारी ली. उन्होंने टीकाकरण सेवाओं को और अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने हेतु सुझाव दिए.
मिशन उत्थान सर्वे पर छात्राओं से संवाद व प्रमाण पत्र वितरण
महिला विश्वविद्यालय, बिष्टुपुर परिसर में उन्होंने छात्राओं से संवाद किया और मिशन उत्थान के तहत पी.वी.टी.जी. सबर समुदाय पर किए गए सर्वे के अनुभव सुने. मौके पर सर्वे में शामिल 99 छात्राओं को इंटर्नशिप सर्टिफिकेट वितरित किए गए. जिला प्रशासन की ओर से डिस्ट्रिक्ट लीड पिरामल फाउंडेशन, अभिषेक कुमार ने सर्वे की प्रस्तुति दी. सर्वे में सभी 11 प्रखंडों के 4000 सबर परिवारों और कुल 11576 लोगों को कवर किया गया. उपायुक्त ने बताया कि बेसलाइन सर्वे के आधार पर सभी बीडीओ को 3 माह में लक्षित सुधार लाने का निर्देश दिया गया है, तत्पश्चात मिडलाइन और एंडलाइन सर्वे भी संचालित किए जाएंगे.
आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी में निरीक्षण
संयुक्त सचिव ने मुसाबनी प्रखंड के माटिगोड़ा पंचायत में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया. उन्होंने गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, बच्चों का टीकाकरण और फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की प्रक्रियाओं की जानकारी ली और आवश्यक मार्गदर्शन दिया.
मेड़िया पंचायत के नामोपाड़ा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के अन्नप्राशन और महिलाओं की गोद भराई रस्म में शामिल हुए, तथा उचित पोषाहार अपनाने हेतु जागरूक किया. उन्होंने पोषण के 7 मुख्य इंडिकेटर्स, कुपोषित बच्चों की पहचान, उपचार, वजन जांच, फॉलो-अप और संपूर्ण देखभाल की व्यवस्था की जानकारी ली.
पश्चिमी बादिया पंचायत स्थित शिवलाल प्रोजेक्ट हाई स्कूल में संयुक्त सचिव ने खेल और पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए और स्कूल की प्रयोगशाला का निरीक्षण किया. उन्होंने शिक्षकों से संवाद कर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा सुधार हेतु नवाचारों पर सुझाव सुने. साथ ही ड्रॉप आउट दर और उच्च कक्षा में ट्रांजिशन की स्थिति की जानकारी ली. संयुक्त सचिव ने बेहतर प्रशासनिक कार्यान्वयन, सेवा प्रदायगी में तेजी, समुदाय आधारित सहभागिता और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
