जमशेदपुर: दुर्गापूजा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने शहर क्षेत्र में स्वर्णरेखा और खरकई नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) भगीरथ प्रसाद और अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे.

निरीक्षण के क्रम में भोजपुर घाट, सुवर्णरेखा घाट, पांडेय घाट, नया पुल घाट, दोमुहानी घाट, सती घाट, सब स्टेशन घाट, बेली बोधनवाला घाट और बड़ौदा घाट का स्थल निरीक्षण कर प्रशासनिक इंतजामों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने नगर निकाय और जुस्को प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु घाटों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित की जाए.
उपायुक्त ने घाटों पर बैरिकेडिंग करने के साथ गोताखोर और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विसर्जन के समय जिला प्रशासन विधि-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखेगा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है. विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ट्रैफिक पुलिस की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी.
निरीक्षण के मौके पर उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्ण कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, बीडीओ जमशेदपुर सदर सुमित प्रकाश सहित कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद थे.



भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
