जमशेदपुर: टाउन हॉल सिदगोड़ा में जिला सोमवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक की. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई, बिजली और पेयजल की आपूर्ति जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई.

बैठक में रूरल एसपी ऋषभ गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद समेत प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों ने पूजा पंडालों और विसर्जन स्थलों पर सुविधाओं, महिला आरक्षियों की तैनाती, ट्रैफिक व्यवस्था, सड़क मरम्मतीकरण और ड्रॉप गेट जैसी मांगें रखीं. जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया कि सभी थानावार शांति समिति बैठकों के फीडबैक के आधार पर समय पर कार्य पूरे किए जाएंगे.
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है. उन्होंने सभी पूजा समितियों से तय विसर्जन रूट का इस्तेमाल करने और पंडालों के बाहर पार्किंग स्थल चिन्हित करने की अपील की. सीसीटीवी और माइकिंग सिस्टम की समय पर जांच करने को कहा गया.

वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा प्राथमिकता है. उन्होंने पंडाल समितियों से महिला वॉलंटियर्स तैनात करने, विद्युत और अग्निशमन विभाग से एनओसी लेने, तथा सोशल मीडिया पर गलत सूचना और फेक न्यूज़ से सतर्क रहने की अपील की.
बैठक में कहा गया कि पंडालों में क्षमता से अधिक लोगों को प्रवेश न दिया जाए, प्रवेश और निकास के द्वार अलग-अलग हों, सीसीटीवी की मॉनिटरिंग समिति सदस्य और कांस्टेबल संयुक्त रूप से करें, वॉलंटियर की सूची थाना को दी जाए, और फर्स्ट एड बॉक्स हमेशा उपलब्ध रखा जाए.
इस अवसर पर एसओआर राहुल आनंद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फीकार अंसारी, एनडीसी डेविड बलिहार, अपर नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्ण कुमार, डीटीओ धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम चंद्रजीत सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव सहित बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
