जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, डीटीओ धनंजय, एसडीएम घाटशिला सुनील चंद्र, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, एसडीपीओ घाटशिला अजीत कुजूर, डीएमओ सतीश नायक समेत अन्य विभागीय पदाधिकारी मौजूद थे. अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए.

बैठक में जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम हेतु टास्क फोर्स और संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई. स्वर्णरेखा और खरकई नदी से बालू के अवैध उत्खनन, वन क्षेत्रों में अवैध परिवहन, बिना पंजीकरण वाले वाहनों की धरपकड़ और अतिभारित वाहनों की जांच पर चर्चा की गई.
उपायुक्त ने खनन पदाधिकारी को बालू की कालाबाजारी और अवैध स्टॉक की रोकथाम के लिए अभियान चलाने और जब्त खनिजों की नीलामी कर राजस्व बढ़ाने के निर्देश दिए. सभी बालू डीलरों के स्टॉक यार्ड में सीसीटीवी अधिष्ठापन और हर उठाव का चालान जारी करना अनिवार्य किया गया. पुल और पुलिया के आसपास नदियों से बालू उठाव रोकने के लिए औचक निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया गया.
उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण रोकने के लिए चल रहे अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सभी विभाग खनन, पुलिस, वन, परिवहन और प्रदूषण नियंत्रण आपसी तालमेल और त्वरित सूचना आदान-प्रदान के साथ अभियान चलाएं. प्रशासन का लक्ष्य खनिज संपदा की सुरक्षा, राजस्व वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
