जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत अर्जुनबेड़ा स्थित सबर टोला का निरीक्षण कर जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली.

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन लाभुकों को अब तक योजनाओं से नहीं जोड़ा गया है, उन्हें त्वरित चिन्हित कर लाभान्वित किया जाए. उन्होंने सबर परिवारों के सामाजिक- आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए प्रबोधकों को निर्देशित किया कि सभी सेवाएं एवं योजनाएं प्राथमिकता के आधार पर इन तक पहुंचें यह सुनिश्चित करें.

इस क्रम में उपायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय एवं आश्रम विद्यालय का भी जायजा लिया. उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ- सफाई, बच्चों की उपस्थिति, पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, शिक्षकों की उपस्थिति, मिड-डे मील की व्यवस्था, शैक्षणिक सामग्री तथा छात्रों की पढ़ाई की स्थिति की गहन जांच की.
आश्रम विद्यालय में रहने वाले छात्रों की व्यवस्था
उपायुक्त ने आश्रम विद्यालय में रहने वाले छात्रों के खानपान, सुरक्षा और शिक्षा की समुचित व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की शिक्षा में गुणवत्ता सुधारने, नियमित शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने तथा बच्चों में सीखने की उत्सुकता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरक गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए.
ग्रामीणों की समस्याएं
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने कुछ मूलभूत समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया. उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि समन्वय बनाकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु कदम उठाएं.

