जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में पोटका प्रखंड के चाटीकोचा गांव में यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) के प्रोजेक्ट से प्रभावित ग्रामीणों के पुनर्वास को लेकर शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इन परिवारों को मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत बेनाशोल के चिन्हित स्थान पर पुनर्वासित किया जाएगा. उपायुक्त ने कहा कि पुनर्वास स्थल पर भूखंड, आवास, बिजली, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ- साथ आवश्यक सामाजिक एवं सामुदायिक ढांचे को भी विकसित किया जाए.

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि यांत्रिकी विभाग प्रोजेक्ट का प्रारूप एवं प्राक्कलन तैयार करे, जिसमें विस्थापित परिवारों की मूलभूत आवश्यकताओं के साथ- साथ स्थानीय सामाजिक भावनाओं का भी समुचित ध्यान रखा जाए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर प्रतिवेदन समर्पित किया जाए. बैठक में अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी (घाटशिला) सुनील चंद्र, मुसाबनी एवं पोटका के अंचल अधिकारी तथा यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे.

