जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में सोमवार को पीसी & पीएनडीटी एक्ट की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों द्वारा PC & PNDT एक्ट के अनुपालन की समीक्षा की गई और नवीकरण हेतु प्राप्त आवेदनों पर निर्णय लिया गया.

तीन अल्ट्रासाउंड सेंटर के लाइसेंस नवीकरण का निर्णय
बैठक में तीन अल्ट्रासाउंड केंद्रों द्वारा अपने रजिस्ट्रेशन के नवीकरण हेतु आवेदन दिए गए थे. समिति द्वारा इन आवेदनों के साथ संलग्न सभी दस्तावेजों की विधिवत जांच की गई और निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध रूप से नवीकरण की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया.
अल्ट्रासाउंड सेंटर के नियमित निरीक्षण का निर्देश
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में PC & PNDT एक्ट का शत- प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए और लिंग चयन की किसी भी गतिविधि को कड़ाई से रोका जाए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक अल्ट्रासाउंड सेंटर की समय- समय पर निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की जाए और जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए.

