जमशेदपुर/ Prerna Ojha उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को घाटशिला प्रखंड के धरमबहाल पंचायत स्थित फुलडूंगरी गांव का दौरा कर समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना के तहत संचालित कृषक पाठशाला का निरीक्षण किया. उन्होंने किसानों से संवाद कर उन्हें केसीसी (कृषि ऋण) से जोड़ने की प्रक्रिया समझाई और एफपीओ से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने का निर्देश दिया. किसानों की शिकायत पर उपायुक्त ने धान बिक्री के भुगतान की दूसरी किश्त समय पर दिलाने का आश्वासन दिया.


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कृषक पाठशाला में संचालित गतिविधियों व फसलों का अवलोकन कर उन्नत तकनीक आधारित खेती अपनाने पर जोर दिया. इसी क्रम में उन्होंने फुलडूंगरी में नोटबुक निर्माण से जुड़ी स्वयंसहायता समूह की महिलाओं से भी संवाद किया. उपायुक्त ने नोटबुक की गुणवत्ता की सराहना करते हुए बाजार उपलब्ध कराने, विपणन और डिजाइन सुधार पर सुझाव दिए.

उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किसानों को तकनीक आधारित खेती और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब किसान और महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए उत्पादन करेंगे. इस मौके पर एनईपी निदेशक संतोष गर्ग, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, कृषि पदाधिकारी विवेक बिरूआ, बीडीओ यूनिका शर्मा समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
