जमशेदपुर: उपायुक्त के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान की अध्यक्षता में स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 को लेकर मंगलवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला में स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 की तैयारियों और स्थायी स्वच्छता व्यवहार को जन- जन तक पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा की गई.

उप विकास आयुक्त ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 का उद्देश्य केवल रैंकिंग प्राप्त करना नहीं है, बल्कि स्थायी स्वच्छता व्यवहार को जन- जन तक पहुंचाना भी है. इस सर्वेक्षण में गांव, ब्लॉक और जिला स्तर पर स्वच्छता के विभिन्न मानकों पर रैंकिंग निर्धारित की जाएगी.
सर्वेक्षण की प्रक्रिया
सर्वेक्षण का कार्य 26 जून 2025 से अगस्त 2025 तक किया जाएगा. ग्राम स्तर पर स्वतंत्र एजेंसी एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज द्वारा सर्वे किया जाएगा. इस कार्यक्रम के तहत स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और अन्य विभागों द्वारा ग्राम स्तर पर साफ- सफाई, स्वच्छता और SLWM के तहत किए गए कार्यों और उनके उपयोग का अवलोकन किया जाएगा.
संबंधित विभागों को निर्देश
उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे SSG- 2025 के सर्वे टीम आने से पहले मोबाइल ऐप के द्वारा फीडबैक और अन्य सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें. बैठक में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के सभी बिंदुओं पर पीपीटी के माध्यम से विस्तृत जानकारियां साझा की गईं.

