जमशेदपुर/ Afroz Mallik पूर्वी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने बुधवार को धालभूमगढ़ प्रखंड के नूतनगढ़ ग्राम पंचायत में मनरेगा और अबुआ आवास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपूर्ण योजनाओं को तय समय में पूरा करने का निर्देश दिया.

इसके बाद उप विकास आयुक्त ने प्रखंड कार्यालय में बैठक कर मनरेगा और अबुआ आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में मानव दिवस, NMMS, दीदी बाड़ी, जॉब कार्ड धारियों को 100 दिन का रोजगार, बिरसा हरित ग्राम योजना समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा हुई.

उप विकास आयुक्त ने आवास निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय किस्त का भुगतान होने के बाद भी जिन लाभुकों का प्लिंथ, लिंटर और पूरा आवास का जियो टैग लंबित है, उसे जल्द पूर्ण करें. जिन लाभुकों ने पहली किस्त लेने के बाद भी प्लिंथ तक निर्माण नहीं कराया, उन्हें चिन्हित कर पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सेवक को ऐसे 10-10 लाभुकों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. तीन दिनों में प्लिंथ तक निर्माण नहीं होने पर संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी बबली कुमारी, एपीओ मनरेगा, जिला समन्वयक आवास, जिला प्रशिक्षण समन्वयक, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, पंचायत सेवक और ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे.

