जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने शुक्रवार को जमशेदपुर सदर प्रखंड में क्षेत्र भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अबुआ आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना और अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की.

उप विकास आयुक्त ने प्रखंड मुख्यालय में समीक्षा बैठक कर योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए. उप विकास आयुक्त ने अबुआ आवास योजना के कार्य प्रगति की समीक्षा के दौरान प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त का भुगतान होने के पश्चात 60 या उससे अधिक दिनों से लम्बित प्लिंथ, लिंटर एवं पूर्ण आवास का जियो टैग जल्द पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं नागरिकों के हित को देखकर संचालित की जाती हैं, इसलिए इनका पारदर्शी और समय पर क्रियान्वयन बेहद जरूरी है.

उप विकास आयुक्त ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से भी योजनाओं को पूर्ण कराने में सहयोग लेने एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराने की बात कही. उन्होंने वैसे लाभुक जिन्होंने पहली किस्त की राशि लेकर भी प्लिंथ तक नहीं बना सके हैं, उनके घरों को चिन्हित करने और 7 दिन के अंदर प्लिंथ तक का निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया.

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, पीओ मनरेगा, जिला समन्वयक आवास, जिला प्रशिक्षण समन्वयक, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, ग्राम रोजगार सेवक संबंधित उपस्थित थे.

