जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में यातायात एवं सड़क सुरक्षा की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, एसडीपीओ घाटशिला अजीत कुजूर, डीएसपी ट्रैफिक नीरज, डीएसपी हेडक्वार्टर भोला प्रसाद, एमवीआई सूरज हेंब्रम, अन्य डीएसपी और संबंधित विभागीय अधिकारी, साथ ही ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए.

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सुरक्षा उपाय, सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान और अन्य संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. समीक्षा में यह पाया गया कि पूर्व से चिन्हित ब्लैक स्पॉट में पिछले छह माह में कोई दुर्घटना नहीं हुई है. नेशनल हाईवे में डिमना से बड़ाजुड़ी एवं धालभूमगढ़ से बहरागोड़ा के बीच दुर्घटनाएं रिपोर्ट की गई हैं, जिनमें मुख्य कारण ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और सुरक्षा उपायों की अनदेखी रही.
उपायुक्त ने हाईवे में खराब पड़े स्ट्रीट लाइट की यथाशीघ्र मरम्मत और अन्य सुरक्षा कदम उठाने के निर्देश दिए. नवंबर माह में जिले में 19 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 09 लोगों की मृत्यु और 09 गंभीर रूप से घायल हुए. वहीं जनवरी 2025 से अब तक 273 दुर्घटनाओं में 176 लोगों की मृत्यु हुई है. जांच में यह तथ्य सामने आया कि 100 से अधिक लोग हेल्मेट या सीटबेल्ट का प्रयोग नहीं कर रहे थे.
बैठक में नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए. एमवीआई को ग्रामीण थाना क्षेत्रों में भी वाहन जांच अभियान चलाने का आदेश दिया गया.
न्यू ईयर सेलिब्रेशन के मद्देनजर शराब दुकानों के आसपास होटल-ढाबों और सार्वजनिक स्थलों में शराब की बिक्री एवं सेवन पर नियंत्रण के निर्देश दिए गए. पेट्रोल पंप संचालकों को ग्राहकों को बिना हेलमेट पेट्रोल न देने का निर्देश भी दिया गया. इसके साथ ही ड्रंक एंड ड्राइव, स्टंट बाइकर्स गैंग, मोडिफाइड साइलेंसर और हॉर्न पर कठोरतम कार्रवाई करने का आदेश दिया गया. हिट एंड रन मामलों में इंश्योरेंस कंपनियों के पास लंबित मामलों की पुनर्समीक्षा कर प्रभावित परिवारों को मुआवजा भुगतान करने के निर्देश भी दिए गए.
बैठक में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने पर जादूगोड़ा के गुड समारिटन धरनी दास को नकद 2000 रुपये और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
