जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिले के कारा परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था एवं व्यवस्थागत आवश्यकताओं की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई.

बैठक में पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, एसडीपीओ घाटशिला अजीत कुजूर, जेल उपाधीक्षक और अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक में घाघीडीह केंद्रीय कारा, साकची कारा और घाटशिला उपकारा में वर्तमान सुरक्षा स्थिति, बुनियादी सुविधाएं, संसाधनों की उपलब्धता और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई. जेल परिसरों के भीतर कैदियों के सेल, अस्पताल, वॉच टावर, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की जांच करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक नहीं होनी चाहिए.
उपायुक्त ने कहा कि जेलों की सुरक्षा संवेदनशील विषय है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सुरक्षा ऑडिट के तहत कारा, उपकारा, बाल सुधार गृह, अस्पतालों के कैदी वार्ड और कोर्ट हाजत जैसे सभी संबंधित स्थलों का औचक निरीक्षण और नियमित रेड करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी स्थलों पर सुरक्षा मानकों की समय-समय पर जांच एवं अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया.
बैठक में एमजीएम अस्पताल में कैदी वार्ड के लिए यथाशीघ्र स्थल चिन्हित करने और जमशेदपुर रेलवे स्टेशन में कोर्ट हाजत हेतु आवश्यक पहल करने के निर्देश भी दिए गए. सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, वॉच टावरों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से समझते हुए समन्वय के साथ कार्य करना होगा, जिससे कारा प्रबंधन अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और अनुशासित बन सके.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
