जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी सोमवार को क्षेत्र भ्रमण के क्रम में मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत घीभांगा सबर टोला पहुंचे. यहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सरकारी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली.

ग्रामीणों ने उपायुक्त को पेयजल की गंभीर समस्या, कमजोर मोबाइल नेटवर्क और बिजली आपूर्ति की अनियमितता से अवगत कराया. साथ ही जीविकोपार्जन से जुड़ी परेशानियों को भी सामने रखा. उपायुक्त ने यह भी जाना कि आजीविका मिशन, मनरेगा, राशन, पेंशन और आवास योजनाओं का लाभ लोगों को नियमित रूप से मिल रहा है या नहीं.
मौके पर उपायुक्त ने पेयजल संकट को दूर करने के लिए त्वरित विकल्पों की पहचान करने का निर्देश दिया. खराब जल स्रोतों की मरम्मत कराने, नेटवर्क समस्या के समाधान के लिए दूरसंचार सेवा प्रदाताओं से समन्वय करने और बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
इसके साथ ही उपायुक्त ने ग्रामसभा और आजीविका समूहों के साथ मिलकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने की बात कही. उन्होंने कहा कि सबर समुदाय जैसे संवेदनशील और वंचित वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचना चाहिए.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी परिवार पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रह जाए. निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी-सह प्रभारी बीडीओ पवन कुमार सहित प्रखंड के अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
