जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को उत्तरी सरजामदा पंचायत भवन में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक में जुगसलाई विधानसभा के विधायक मंगल कालिंदी, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज, जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह, प्रखंड प्रमुख, 21 पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं की जानकारी लेना और उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल करना था. इस दौरान छोटा गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के बेहतर संचालन पर विशेष चर्चा की गई. यह योजना 21 पंचायतों में नियमित जलापूर्ति कर रही है और एक पंचायत में आंशिक आपूर्ति हो रही है. सुचारु संचालन के लिए नई संचालन समिति का गठन किया गया है, जिससे व्यवस्था अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगी.
ग्रामीणों ने बैठक में स्ट्रीट लाइट की खराबी, मध्य हलुदबनी पंचायत के एक विद्यालय में चारदीवारी का अभाव, शौचालय की कमी, पेयजल सुविधा, सड़क मरम्मत और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं. उपायुक्त ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें सूचीबद्ध कर बीडीओ जमशेदपुर सदर को सौंपने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि तत्काल समाधान योग्य समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई की जाए और शेष समस्याओं का भी समयबद्ध निपटारा हो.
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों की हर बुनियादी समस्या का प्राथमिकता से समाधान करना है, ताकि लोगों को आवश्यक सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हों. उन्होंने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग और सुझाव देने की अपील की.

मौके पर सीओ जमशेदपुर सदर मनोज कुमार, बीडीओ सुमित प्रकाश, कार्यपालक दंडाधिकारी सह डीपीओ सुदीप्त राज, कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
