जमशेदपुर/ Afroz Mallik समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया. इस दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने आम नागरिकों, महिलाओं, वृद्धजन और दिव्यांगजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. उपायुक्त ने विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का त्वरित और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अनावश्यक कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े.

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, नाला अवरुद्ध, शिक्षा ऋण, चिकित्सा सहायता, भूमि विवाद, नामांतरण, देशी शराब दुकान बंद कराने, सड़क निर्माण, मरम्मत, राशन कार्ड, सड़क दुर्घटना मुआवजा, आपदा में क्षतिग्रस्त मकान सहायता, वृद्धा पेंशन, मंइयां सम्मान योजना, दुकान आवंटन, स्कूल फीस माफी, आवारा पशुओं की समस्या समेत कई मुद्दों पर आवेदन सौंपे. उपायुक्त ने कहा कि हर आवेदन की गंभीरता को देखते हुए विभागीय समन्वय से निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को त्वरित राहत मिल सके.

