जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मंगलवार को एमजीएम अस्पताल सभागार में बैठक की और अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्राचार्य, अधीक्षक और उपाधीक्षक को सख्त निर्देश दिए.उपायुक्त ने कहा कि ओपीडी समय पर संचालित हो, सभी चिकित्सक व पारा मेडिकल स्टाफ समय पर उपस्थित रहें और ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करें.परिसर की साफ- सफाई, दवाओं की उपलब्धता, एंबुलेंस संचालन और सभी विभागों में वरीय चिकित्सकों की ड्यूटी तय समय पर सुनिश्चित की जाए.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मानगो नगर निगम को अस्पताल परिसर के खुले स्थान को पार्किंग नीलामी हेतु सौंपने और 15 दिनों में व्यवस्था सुचारू करने का निर्देश दिया. उन्होंने पर्याप्त ट्रॉली बॉय और सहायक स्टाफ की तैनाती, एक्स-रे मशीनों को चालू करने, यूएसजी यूनिट में कतार प्रबंधन प्रणाली लागू करने, अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने और चिकित्सीय उपकरणों के रखरखाव पर जोर दिया.
उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल के भीतर पर्याप्त दवाओं का भंडार रखा जाए और मरीजों को बाहर से दवा लेने की निर्भरता कम की जाए. उन्होंने स्पष्ट व पर्याप्त साइनज लगाने, एम्बुलेंस चालकों के प्रशिक्षण और प्रबंधन के लिए एक प्रभारी कक्ष स्थापित करने की भी बात कही.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मरीजों से बातचीत कर मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और अस्पताल प्रशासन को मरीज- केंद्रित सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
